बरेली। साइबर चोरों ने बैंक मैनेजर के मोबाइल फोन पर मेसेज भेज कर ई बैंकिंग के बारे में बताया। जैसे ही मेसेज खोला, बैंक एकाउंट से छह बार में 95 हजार रुपये की शापिंग हो गई। निकासी का मेसेज मोबाइल फोन पर आया तो बैंक से संपर्क किया। पता चला कि बैंक ने इस तरह की कोई मेसेज नहीं भेजी है। बैंक मैनेजर ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुरेश शर्मा नगर के दिलीप कुमार बिसौली में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में शाखा प्रबंधक हैं। उनका स्टेट बैंक की एकता नगर ब्रांच में पत्नी ममता भटनागर के साथ ज्वाइंट एकाउंट है। उन्होंने बताया कि 31 मई को एक व्यक्ति ने कॉल करके लिंक भेजा। यह लिंक ऑनलाइन खरीदारी करने पर सामान को लौटाने और ऑनलाइन भेजे गए रुपये को वापस करने के लिए था। फार्म एक ग्लोबल.काम के जरिए भरना था। रुपये वापस करने के लिए कॉल मेेरे मोबाइल पर कंपनी के दिए नंबर पर की थी। जैसे ही लिंक खोला, छह बार में उनके एकाउंट से 95 हजार रुपये निकल गए। मोबाइल फोन पर मेसेज आया तो उन्होंने बैंक से पता किया, वहां भी किसी व्यक्ति ने कॉल न करने के बारे में बताया। अगले दिन वह एसपी क्राइम रमेश भारतीय से मिले। उनको घटना की पूरी जानकारी दी। दिलीप कुमार ने थाना बारादरी में अज्ञात साइबर चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।