बरेली। अपनी बहू से परेशान एक वृद्ध महिला बुधवार को एसपी क्राइम से मिली और शिकायत की। महिला का कहना था कि उसकी बहु महिला थाना में सिपाही है। बहू वर्दी का रौब दिखाकर पूरे मकान पर कब्जा करना चाहती है। विरोध करती हूं तो कहती है कि रिपोर्ट दर्ज करा दूंगी। कोतवाली क्षेत्र के चौपुला बगिया निवासी महिला ने बताया कि उनके तीन हैं। छोटे बेटे ने एक सिपाही से प्रेम विवाह किया है। वे दो बेटों के साथ एक मकान में रहती हैं। आरोप है कि छोटा बेटा और उसकी बहू पूरे मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। इसीलिए आए दिन घर में झगड़ा करते हैं। वर्दी की धौंस देकर बहू उन्हें और उनके मझले बेटे के खिलाफ एससी एसटी का मुकदमा लिखाने की धमकी देती है। 10 जून को भी बेटा-बहू ने मारपीट की थी। कंट्रोल रूम को फोन करने पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों बेटों का शांतिभंग में चालान किया। एसपी क्राइम ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।