बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में देर रात परिवार के साथ निकली महिला की चेन लूटकर बाइक सवार लुटेरे फरार हो गए। महिला के परिवार ने इज्जतनगर थाने में शिकायत की है। पुलिस तहरीर न मिलने की बात कहकर पल्ला झाड़ रही है। हालांकि घटना के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच भी की।
डिफेंस कॉलोनी वार्ड 19 निवासी महिला रात साढ़े नौ बजे के करीब परिवार के साथ नैनीताल रोड पर शहीद गेट के पास टहल रही थी। बताते हैं कि करमपुर चौधरी की ओर से एक बाइक पर दो युवक आए। इनमें से एक ने बाइक मोड़कर खड़ी की और दूसरा बाइक से उतरकर महिला के पास पहुंचा। उसने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन खींच ली और दौड़कर बाइक पर बैठ गया। महिला और परिजन शोर मचाते रह गए और बदमाश तेजी से बाइक से निकल गए। सूचना पर भाजपा नेता मिंटू सिंह और स्थानीय पार्षद पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। मगर पुलिस का कहना है कि इस तरह की किसी घटना की तहरीर उन्हें नहीं मिली है।