बरेली। फरीदपुर बुखारा रोड पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके बहनोई की हालत नाजुक है।
फरीदपुर निवासी 24 वर्षीय मोहनलाल अपने बहनोई पिथीराम (40) के साथ बाइक से शहर आए थे। वे शाम के वक्त बुखारा मोड़ से फरीदपुर जाने वाले रास्ते पर निकले। इसी दौरान फरीदपुर दिशा से आ रही तेज रफ्तार ईको कार की टक्कर से इनकी बाइक के परखच्चे उड़ गए। साले बहनोई दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में मोहनलाल की मौत हो गई। पिथीराम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर कैंट अशोक पाल ने बताया कि कार को हिरासत में ले लिया है।