सीबीगंज। अपर नगर आयुक्त से अभद्रता करने वाले चार व्यापारियों को रविवार देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गुरुवार को पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाने गए अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति सिंह व उनकी टीम पर सीबीगंज के व्यापारियों ने हमला कर दिया था। इस दौरान अपर नगर आयुक्त से व्यापारियों ने खींचतान और अभद्रता की गई थी। उनके साथ गए कर्मचारियों से हाथापाई की गई थी। अपर नगर आयुक्त की ओर से सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने विवेचना के दौरान फोटो और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। रविवार देर शाम पुलिस ने पस्तौर मोड़ के पास स्लीपर रोड पर रहने वाले सौरभ गुप्ता पुत्र राकेश गुप्ता, राजू गुप्ता पुत्र बाबू राम गुप्ता, राजकुमार गुप्ता पुत्र जगदीश और जौहरपुर निवासी मोतीराम पुत्र घनश्याम को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमे में नामजद किए गए सीबीगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष रचित गुप्ता फरार हैं। इंस्पेक्टर राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।