पीलीभीत। लेखराज चौराहे के पास एक पेंट की दुकान में अचानक आग लग गई। आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दमकल टीम ने डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया। वहीं दुकान जलती देख व्यापारी की तबीयत बिगड़ गई। परिवार वालों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
शहर के मोहल्ला मोहतसिम खां के रहने वाले विरल बंसल की लेखराज चौराहे के पास पेंट की दुकान है। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। आधी रात अचानक बंद दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप ले लिया और भीतर रखा सामान जलने लगा। कुछ लोगों ने बंद दुकान के शटर के नीचे से धुआं निकलता देखा तो शोर मचाया। इसकी सूचना दमकल टीम और व्यापारी को दी गई। व्यापारी विरल बंसल भी आ गए। दमकल टीम ने शटर खोला तो पूरी दुकान में सिर्फ आग ही दिखाई दी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू किया जा सका। हादसे में लाखों का पेंट और अन्य सामान जला है। व्यापारी ने बताया कि एक दिन पूर्व दो गाड़ी पेंट आया था। दुकान के पीछे की तरफ गैराज में कारें खड़ी थी। ऐसे में आग उन तक न पहुंच जाए। इसलिए भीड़ की मदद से कारों को भी हटवा दिया गया था।