बरेली। किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज में शेरों वाली माता के मंदिर में 22 मई को किसी असामाजिक तत्व ने देवी प्रतिमा का हाथ क्षतिग्रस्त कर दिया था। तब से इस मामले में रिपोर्ट कराने और एक कथित आरोपी की गिरफ्तारी को समाजसेविका पुष्पा के साथ कुछ महिलाएं अधिकारियों के यहां चक्कर लगा रही हैं। गुरुवार शाम पुष्पा के साथ हिंदू वर्ग के अलावा मुस्लिम समुदाय के लोग भी थाने आए और एक व्यक्ति पर शक जाहिर करते हुए उस पर कार्रवाई की मांग की। किला इंस्पेक्टर डीसी शर्मा का कहना था कि किसी बच्चे से सफाई करते वक्त प्रतिमा क्षतिग्रस्त हुई है, इसके लिए किसी समुदाय या व्यक्ति पर आक्षेप लगाना सही नहीं है। मोहल्ले वाले चाहें तो पुलिस अपने खर्च से प्रतिमा मंगाकर विधिविधान से प्रतिष्ठा करा देगी। इस पर महिलाएं संतुष्ट नहीं हुईं। उन्होंने नारेबाजी की और थाने से चली गईं।