बरेली। सफाई नायक की हत्या के मामले में फंसे नगर निगम के बाबू के खिलाफ मृतक के भाई ने मुख्यमंत्री, कमिश्नर और नगर आयुक्त से शिकायत की है। उसने बाबू पर अकूत संपत्ति हासिल करने का आरोप लगाते हुए पद से हटाने की मांग की है।
किला निवासी राजकिरन ने शिकायत में कहा है कि 22 अप्रैल 2016 को उनके भाई नगर निगम के सफाई नायक राजीव उर्फ राजू की शहनाई बरातघर में हत्या कर दी गई थी। इसमें निगम का एक बाबू भी शामिल था। यह मुकदमा अभी कोर्ट विचाराधीन है लेकिन जमानत मिलने के बाद बाबू को बहाल कर निगम में दोबारा चार्ज दे दिया गया है। राजकिरन का आरोप है कि निगम अफसरों की कृपा से उसे महत्वपूर्ण पटल पर रखा गया है, इससे वह मोटी कमाई कर रहा है। उसने सिविल लाइंस और सिटी क्षेत्र में कोठी के अलावा काफी संपत्ति हासिल कर ली है। उसका शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त नहीं हुआ है। उन्होंने बाबू को बर्खास्त करने और संपत्ति की जांच कराने की मांग की है। नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. का कहना है कि हत्या के मामले में जब तक दोषसिद्ध नहीं होता, उसे बहाल किया जा सकता है। अन्य आरोपों की जांच करा ली जाएगी।