बरेली। सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर के पास सोमवार सुबह एक बुजुर्ग की अकड़ी हुई लाश मिली। वह लोगों से मांगकर गुजारा करता था। मंदिर के पास ठेले लगाने वालों ने बताया कि कुछ दिनों से बुजुर्ग की तबीयत ठीक नहीं थी। रविवार शाम कुछ समाज सेवी उसे जिला अस्पताल में दवा दिलाने भी ले गए थे। रात में वह मंदिर की बगल वाली गली में सोया फिर सुबह नहीं उठा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की जेब से जिला अस्पताल की पर्चा भी मिला। बुजुर्ग की अकड़ी हुई लाश मिलने के बाद प्रशासन की गरीबों को मुफ्त कंबल बांटने, रैन बसेरा बनाने जैसी तमाम योजनाओं पर सवाल उठने लगे है। पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बुजुर्ग को फेफड़ों की बीमारी थी, लेकिन ठंड की वजह से उसकी हालत बिगड़ गई थी।