बरेली। किला थाना क्षेत्र की बाकरगंज रेलवे क्रॉसिंग पर एक मेहनतकश ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। उसकी पत्नी नाराज होकर बाकरगंज में अपने मायके आ गई थी। पुलिस भी इसे आत्महत्या मानकर कार्रवाई कर रही है, हालांकि मृतक के परिजन साजिश कर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।
आजमनगर निवासी 40 वर्षीय नन्हू एक मांस कारोबारी की फर्म में काम करते थे। बुधवार दोपहर बाद बाकरगंज क्रॉसिंग से बस्ती की साइड में उनकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नन्हू खुद चलती ट्रेन के आगे कूद गए। सूचना पर पहुंची किला पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। नन्हू के तहेरे भाई ताहिर ने बताया कि दंपति में विवाद रहता था। हाल ही में नन्हू की पत्नी रुखसाना मायके आ गई थी। बताया कि बुधवार दोपहर नन्हू के पास उनके साले का फोन आया था। उन्हें मिलने बुलाया था। उन्हें नहीं लगता कि भाई ने आत्महत्या की है, इसमें साजिश भी हो सकती है। नन्हू के ससुरालियों ने इसे आत्महत्या या हादसा कहा। पुलिस की जांच में सामने आया कि नन्हू की बेटी प्रेमविवाह करके अलग रह रही थी। उसे लेकर भी परिवार में तनाव था।