मोबाइल पर फिल्म दिखाने के बहाने बच्ची से रेप
बच्ची की मां ने गन्ने के खेत में पकड़ा, धक्का देकर भागा
पॉक्सो एक्ट और रेप की रिपोर्ट, तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
अलापुर (बदायूं)। मोबाइल पर फिल्म दिखाने के बहाने एक युवक ने पांच साल की बच्ची को गन्ने के खेत में ले जाकर दरिंदगी की। बच्ची की मां उसे तलाशते हुए वहां पहुंचीं तो आरोपी उन्हें धक्का देकर फरार हो गया। देर रात पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका।
पीड़ित का पिता दूसरे शहर में रहकर मजदूरी करता है। गांव में उसकी पत्नी बच्चों के साथ रहती है। रविवार शाम उसकी पांच साल की बच्ची दूसरे बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। तभी गांव का ही 19 वर्षीय युवक शारिब बच्ची के पास आया। उसने बच्ची से कहा कि वह उसे मोबाइल में फिल्म दिखाएगा। बच्ची खुश हो गई और उसके साथ चल दी। वह बच्ची को लेकर गांव से बाहर गन्ने के खेत की ओर ले गया। थोड़ी देर में बच्ची की मां उसे खोजते हुए आईं तो बच्चों ने खेत की ओर इशारा करते हुए बताया कि उसे शारिब उस तरफ ले गया है। मां खेत की ओर गई तो बेटी की चीख सुनाई दी। खेत के अंदर पहुंची तो शारिब आपत्तिजनक हालत में था। उन्होंने शोर मचाया तो वह उन्हें धक्का देकर फरार हो गया। बच्ची बदहवास हालत में थी। वह उसे लेकर घर आईं और ग्रामीणों को घटना के बारे में बताया। बाद में ग्रामीणों के साथ थाने आईं और शारिब के खिलाफ तहरीर दी। सीओ दातागंज एसपी सिंह भी अलापुर थाने पहुंचे और बच्ची से बात की। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया। बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
000
मेरठ में दर्जी का काम करता है आरोपी
अलापुर। पीड़ित बच्ची का परिवार जहां मजदूरी पेशा है, वहीं आरोपी पक्ष की माली हालत काफी ठीक है। दोनों परिवार एक ही समाज से ताल्लुक रखते हैं। आरोपी मेरठ में दर्जी का काम करता है और अक्सर गांव आता-जाता रहता है। उसके भाई पेंट के ठेकेदार हैं। घटना के बाद ग्रामीण हतप्रभ थे। लोग सोच नहीं पा रहे थे चेहरे से शरीफ दिखने वाला शारिब ऐसी घटना को अंजाम दे देगा। जिसने भी सुना, वह उसे कोस रहा था। सभी जल्दी से बच्ची के स्वस्थ होने की दुआ कर रहे थे। बच्ची की मां ने बताया कि फोन पर उन्होंने अपने पति को सूचना दे दी है। वह सुबह तक गांव आ जाएंगे।
000000
घटना काफी दुखद है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बच्ची की हालत अब ठीक है। - एसपी सिंह, सीओ दातागंज