पुलिस भर्ती परीक्षा से चौराहे जाम
तीन घंटे कसमसाता रहा चौपुला
अयूब खां, श्यामगंज और सेटेलाइट चौराहे पर भी लगा जाम
नकटिया में रोडवेज बस में छत पर बैठे अभ्यर्थियों को उतारा
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान शहर के कई चौराहों पर ट्रैफिक जाम हो गया। चौपुला चौराहे पर तो दोपहर के वक्त करीब तीन घंटे गाड़ियां फंसी रहीं। वहीं परीक्षा के दौरान अयूब खां, श्यामगंज, नावल्टी समेत कई और चौराहों पर भी ट्रैफिक फंस गया। पुलिस की परीक्षा में सड़कों से पुलिस नदारद रही। पुलिस कंट्रोल रूम से वायरलेस होने के बाद अचानक चौराहों पर पुलिस मुस्तैद हुई तब कहीं चौराहों का ट्रैफिक हिलना-डुलना शुरू हुआ।
लाल फाटक का रास्ता खराब होने की वजह से चौपुला चौराहे पर वैसे ही ओवरलोड रहता है, सोमवार को पुलिस भर्ती परीक्षा से ट्रैफिक और बढ़ा तो यह चौराहा तीन घंटे तक जाम रहा। यहां दोपहर 12 बजे से जाम की स्थिति बनने लगी थी जो डेढ़ बजे तक विकराल हो गई। सिटी स्टेशन तक वाहनों की लंबी कतार लगने के बाद लोगों ने अधिकारियों को फोन करने शुरू किये जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। न सिर्फ चौपुला बल्कि अयूब खां पर भी वाहन फंसे रहे। यहां पुलिस व्यवस्था नहीं होने पर लोगों को काफी परेशानी हुई।
परीक्षा समाप्त होने के बाद घर के लिए रोडवेज पकड़ने वाले छात्रों ने बसों की छतों को भी नहीं छोड़ा। नकटिया चौकी पर एक ऐसी ही बस को पुलिस ने रोक लिया। छात्रों को छत से उतारकर उन्हें बस के अंदर ही समायोजित किया गया। जिसके बाद बस को रवाना किया गया।