बरेली। टेलीफोन के पोल में बिजली के तार से करंट उतर आया। इसकी चपेट में आकर घोड़ी की मौत हो गई। वहीं, घोड़ी की पूंछ पकड़कर खींच रहे किशोरी को भी तेज झटका लगा। सुभाषनगर के करगैना में ग्रेटर कैलाश कॉलोनी में बिजली के कटे तार से टेलीफोन के पोल में करंट उतर आया। यह पोल नाली में लगा है। तांगा चालक वीरेश ने बताया कि उनकी घोड़ी का पैर अचानक नाली में चल गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गई। उन्होंने छुड़ाने की कोशिश की तो उन्हें भी झटका लगा। तभी एक पंद्रह वर्षीय किशोर वहां आ गया। उसने घोड़ी की पूंछ पकड़ ली। वह भी झटका लगने से गिर गया। इसी दौरान घोड़ी ने दम तोड़ दिया। कॉलोनी निवासी दिवाकर ने बताया कि बिजली के पोल यहां बाद में लगे हैं। तार कई जगह से कटे हैं। इसी वजह से करंट उतर आता है। करीब छह महीने पहले भी पोल पर सीढ़ी लगाकर काम करने के दौरान मिस्त्री अजय को तेज झटका लगा था। इसकी शिकायत बिजली विभाग में की थी पर कुछ नहीं हुआ।