बिहार में बने देसी हथियारों के बड़े सप्लायर को किला पुलिस ने पकड़ने और जेल भेजने में बड़ा खेल कर दिया। पुलिस ने उससे सिर्फ एक देसी रिवाल्वर की बरामदगी दिखाई और हल्की धारा में जेल भेज दिया। लिहाजा उसे जमानत मिल गई। किला पुलिस ने देशी हथियारों के बड़े जखीरे के साथ कुल आठ लोगों को पकड़ा था, लेकिन इनमें से छह को छोड़ दिया गया। चर्चा है कि करीब दो लाख रुपये में इस खेल की सेटिंग की गई।
किला पुलिस ने 29 नवंबर को बिहार के बने देसी रिवाल्वर के साथ एक ट्रक डइवर और उसके साथी को गिरफ्तार करने का दावा किया था। इंस्पेक्टर किला धर्मेंद्र गुप्ता के मुताबिक, 29 नवंबर की रात करीब नौ बजे दरोगा वीरपाल सिंह ने संदेह के आधार पर दो लोगों को पकड़कर तलाशी ली तो उनके पास से बिहार का बना रिवाल्वर और कारतूस मिले। इनमें से एक जखीरा निवासी फैजान और दूसरा हारून था। इंस्पेक्टर ने बताया कि फैजान ट्रक ड्राइवर है और अक्सर बिहार आता-जाता रहता है। चर्चा है कि इन लोगों से देसी असलहों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ था। पुलिस ने कुल आठ लोग पकड़े थे लेकिन सेटिंग करके छह को छोड़ दिया और सिर्फ एक रिवाल्वर की बरामदगी दिखाकर फैजान और हारून को जेल भेज दिया। जिन लोगों को छोड़ा गया, अब उन्हीं के विरोधियों ने अधिकारियों को इस पूरे खेल की जानकारी दे दी है।