बरेली। श्यामगंज पुल बनने के बाद चायनीज मांझे से हादसे होने पर स्ट्रीट लाइट लगाने वाली ठेका कंपनी ने बिजली के पोल पर तार बांधकर मांझे को पुल पर सड़क से गुजरने वालों पर गिरने से कुछ हद तक रोक दिया था। कुछ समय सब ठीक रहने के बाद बिजली के पोल के बंधे तार टूटने लगे। हादसों की मीडिया कवरेज के बाद नगर निगम सामने आया और पोल से बंधे तारों की मरम्मत कराई गई। हालांकि इस दौरान कई हादसे होने से लोगों को गर्दन, चेहरे पर घाव झेलने पड़े। नगर निगम द्वारा मरम्मत के बाद कई महीने यह तार दुरुस्त रहे। अब पतंगबाजों की मांझे के जरिये इन तारों से जोर आजमाइश होने का नतीजा है कि यह तार एक बार फिर टूटने लगे हैं। जाहिर सी बात है कि समय रहते इनकी मरम्मत न की गई तो बड़ी संख्या में इस पुल से गुजरने वालों पर खतरनाक मांझे का खतरा बना रहेगा। बृहस्पतिवार को हादसा होने के बाद पुल से गुजरने वालों के बीच भी हल्का खौफ था। सोशल साइट पर वायरल तस्वीर को देख चुके लोग अपनी गाड़ी को मध्यम गति पर चलाते हुए इस पुल से गुजरे।