बरेली। पीलीभीत जिले में विधायक के भांजे को पीटने में डीएम के गनर समेत कई लोगों पर रिपोर्ट हुई थी। गनर के पिता के साथ सपाइयों ने एडीजी से शिकायत की थी कि बरखेड़ा विधायक ने चौकी में गनर को पीटा और गालियां दीं। एडीजी ने मामले में फरीदपुर के सीओ का काम देख रहे नए आईपीएस अभिषेक वर्मा को जांच सौंप दी है। उन्हें निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। विधायक के खिलाफ सुबूत मिलने पर वे फंस सकते हैं। गालीगलौज के कुछ वीडियो भी वायरल हुए थे जो साक्ष्य बन सकते हैं। आरोपी बनाए गए कांस्टेबल मोहित कुमार के पिता मुजफ्फरनगर निवासी देवेंद्र कुमार ने चार दिन पहले एडीजी अविनाश चंद्र से मिलकर बताया था कि उनके बेटे के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई है। उनके बेटे को ही सीओ व इंस्पेक्टर के सामने थाने में चप्पलों से पीटा गया और उसी पर रिपोर्ट करा दी गई। पीलीभीत पुलिस बरखेड़ा के भाजपा विधायक के दबाव में है। मामले में एडीजी जोन ने बताया कि विधायक पक्ष की ओर से मामला पहले से दर्ज है। दूसरे पक्ष ने अपने बचाव में विधायक व उनके लोगों को भी आरोपित किया है। जांच में अगर विधायक के खिलाफ साक्ष्य मिले तो उन पर भी कार्रवाई की जा सकती है।