बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र निवासी प्रेमपाल 10 मार्च को घायल अवस्था में पुलिस को नवाबगंज में हाईवे किनारे पड़े मिले थे। उनको वहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां घर पर सूचना न होने के चलते उनकी पत्नी गीता ने इज्जतनगर पुलिस को उनकी गुमशुदगी की शिकायत की थी। गीता के मुताबिक बदायूं में सिविल लाइंस निवासी उनका दोस्त सुनील उन्हें नौ मार्च की रात घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद उनकी कोई सूचना नहीं मिली। गीता का आरोप है कि सुनील समेत अन्य दोस्त उन्हें साजिश के तहत बुलाकर ले गए थे। इसके बाद उन्हें मारपीटकर नवाबगंज में हाईवे किनारे मृत समझकर फेंक दिया। हालांकि उन्होंने दोस्तों के बीच किसी विवाद का जिक्र नहीं किया। उनके आरोपों के चलते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उन्होंने कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। कोर्ट के आदेश पर थाना इज्जतनगर में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।