बरेली। मामूली विवाद के बाद एक युवती से उनके पुरुष सहकर्मी ने मारपीट की। इतना ही नहीं विरोध पर उनसे छेड़छाड़ भी की। वर्कशॉप में काम कर रहे लोगों ने बीचबचाव करने की कोशिश तो आरोपी उनसे भी अभद्रता करने लगा। पीड़ित की शिकायत पर किला थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर उसे जेल भेज दिया। किला क्षेत्र निवासी युवती एक ऑटोमोबाइल कंपनी की वर्कशॉप में काम करती है। उनके मुताबिक उनका एक पुरुष सहकर्मी अक्सर उन्हें परेशान करता है। विरोध करने पर अपशब्द बोलता है। बताया कि शुक्रवार को एक मामूली बात पर कहासुनी के बाद सहकर्मी साजिद उनसे गाली गलौज करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर उसने मारपीट और छेड़छाड़ की। वर्कशॉप में काम कर रहे अन्य लोगों ने बीचबचाव किया तो आरोपी उनसे भी हाथापाई व अभद्रता करने लगा। किसी तरह उस पर काबू पाकर एक कर्मचारी ने यूपी 100 पर फोन कर पुलिस से शिकायत की।