बरेली। कुतुबखाना पर लगी एक साइड की ट्रैफिक लाइट को दो दिन पहले कांवड़ियों की डीसीएम ने तोड़ दिया था। सीसीटीवी फुटेज से नंबर निकलवाकर उस वाहन नंबर पर रिपोर्ट कराई गई है। एसपी ट्रैफिक के निर्देश पर सदर कोतवाली में शनिवार रात ये मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस अब सोमवार के बाद संबंधित वाहन और ड्राइवर की तलाश करेगी। वहीं, चौराहे पर व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए लाइटों की टाइमिंग में परिवर्तन किया गया है। पहले कोहाड़ापीर की ओर आने-जाने वाले वाहन 15 सेकेंड और किला से आलमगिरिगंज की ओर जाने वाले वाहन 18 सेकेंड रोके जा रहे थे। अब किला से आलमगिरिगंज जाने वाले वाहन 25 सेकेंड रोके जाएंगे।