बरेली। हर्बल प्रोडक्ट की एक कंपनी में निवेश कराने के नाम पर व्यक्ति से लाखों रुपये ठग लिए गए। एडीजी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मीरगंज क्षेत्र के गांव नगरिया सादात निवासी जावेद खां को करीब एक साल पहले अपने एक परिचित से महानगर निवासी नरेंद्र पाल गंगवार, रणवीर सिंह, सुमित कुमार और इज्जतनगर की लिंकर कॉलोनी निवासी सुभाष गंगवार द्वारा एक हर्बल प्रोडक्ट की कंपनी के शेयर जारी होने जानकारी मिली थी। जावेद खां ने कंपनी के सुपर सिटी कॉलोनी स्थित ऑफिस में इन लोगों से संपर्क किया और भरोसे में आकर लाखों रुपये का निवेश भी कर दिया। उनके मुताबिक बीते वर्ष नवंबर में पांच लाख, दिसंबर में 87 हजार व कई लाख रुपये नकद भी दिए। कुछ दिन बाद अचानक ऑफिस बंद हुआ तो उन्होंने जानकारी की। आरोप है कि ठग कंपनी के शेयर के नाम पर उनके लाखों रुपये हड़पकर भाग निकले।