बरेली। घर में घुसकर छेड़छाड़ व जानलेवा हमले की रिपोर्ट वापस न लेने पर आरोपियों ने छात्रा के फेसबुक अकाउंट पर अश्लील मेसेज कर उसे बदनाम कर दिया। विरोध करने पर अपहरण की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सुभाषनगर क्षेत्र निवासी छात्रा ने नौ मई को दीपक चौहान, शोभित चौहान, सूरज यादव और मनोज कुमार के खिलाफ सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि आठ मई को आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर उनके साथ छेड़छाड़ की थी और फायरिंग कर उन पर जानलेवा हमला किया था। इसमें आरोपी मनोज और शोभित जेल में हैं। छात्रा के मुताबिक सूरज और दीपक लगातार उन पर रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। आरोप है कि रिपोर्ट वापस न लेने पर आरोपियों ने चार अगस्त को उनके फेसबुक अकाउंट पर अश्लील पोस्ट व कमेंट करने लगे। उनके रिश्तेदारों को भी आपत्तिजनक मेसेज किए। विरोध करने पर रास्ते से अगवा कर लेने की भी धमकी दी।