बरेली। मुरादाबाद से जंक्शन पहुंचे युवक ने जीआरपी सिपाहियों पर पीटने का आरोप लगाया है। राजीव कुमार ने बताया कि दोपहर को वह नंगल डैम एक्सप्रेस से बरेली जंक्शन पहुंचा। वेटिंग हाल में एक सिपाही ने उससे टिकट मांगा। टिकट दिखाने के बाद सिपाही ने फोटो मांगा तो उसने मना कर दिया। यह सिपाही को नागवार गुजरा। राजीव ने बताया कि इसके बाद सिपाही ने अपने साथियों को बुलाकर उसकी पिटाई लगा दी, जिससे उसका कान का पर्दा फट गया। उसने बताया कि वह दो दिन पहले ही अलखनाथ मंदिर में कांवर लेकर आया था। युवक का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। जीआरपी इंस्पेक्टर कृष्ण अवतार ने बताया कि ऐसी कोई घटना जंक्शन पर नहीं हुई है।