बरेली। जमीन बेचने के नाम पर एक सैन्य कर्मी से एक ठग ने लाखों रुपये हड़प लिए। रुपये वापस देने का दबाव बनाने पर परिवार को रहने के लिए एक गेस्ट हाउस दिया, जिसमें उनकी गैर मौजूदगी में वह पत्नी व बच्चों को परेशान करने लगा। सैन्य कर्मी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शाहजहांपुर के एक गांव निवासी एक सैन्य कर्मी बरेली में तैनात में सिपाही के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि जनवरी 2018 में गांव कांधरपुर निवासी अतुल कुमार पाठक से उन्होंने एक प्लाट का सौदा किया था। इसके लिए उन्होंने चार लाख रुपये भी दे दिया था। उनके मुताबिक एग्रीमेंट में देरी होने पर छानबीन की तो वह प्लाट किसी और का निकला। धोखाधड़ी का मामला सामने आया तो अतुल सेे रुपये वापस मांगे। काफी टालमटोल के बाद अमित ने अपना बदायूं रोड स्थित गेस्ट हाउस रिद्धि सिद्धि पैलेस परिवार को रहने को दे दिया। आरोप है कि यहां उनकी गैर मौजूदगी में आरोपी के पिता आरएल पाठक गेस्ट हाउस में आकर उनकी पत्नी से कई बार अभद्रता और आपत्तिजनक बातें की। आठ जुलाई को आरोपी एक अन्य साथी अनु पाठक के साथ गेस्ट हाउस में घुसकर उनसे मारपीट की और उनका सामान भी बाहर फेंकने लगे। बताया कि आरोपी कई और सैन्य कर्मियों के भी रुपये हड़प चुका है।