लखीमपुर खीरी। दो दिन पहले हुए समझौते के बाद भी एक पक्ष के लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। मंगलवार को दूसरे पक्ष के एक ग्रामीण को खेत में दौड़ा-दौड़ाकर पहले जमकर पीटा फिर बांका मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा है। गांव तेंदुआ निवासी रमाकांत ने बताया कि उसका गांव के ही जगन्नाथ से मामूली बात पर विवाद हो गया था, जिसमें मारपीट भी हुई थी। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया था। रमाकांत ने बताया कि मंगलवार को वह अपने खेत की ओर गए थे। पुराने विवाद से नाराज जगन्नाथ, विदेश और प्रेम कुमार ने उसे घेर लिया। तीनों ने उसे दौड़ाकर जमकर पीटा। इस पर भी मन नहीं भरा तो बांका से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। चीखपुकार करने पर आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह ने बताया कि घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।