बरेली। प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर एक वकील ने अपने जूनियर से लाखों रुपये हड़प लिए। विरोध करने पर समझौते के बहाने धमकाया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज की। एडीजी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कचहरी के चैंबर नंबर 28 में बैठने वाले वकील मुकेश के मुताबिक वर्ष 2012 में सीनियर वकील प्रेमनगर क्षेत्र के अशरफ खां छावनी निवासी गुरमीत सिंह ने एयर फोर्स गेट के पास गायत्री नगर निवासी इस्लाम खां से मुलाकात कराई थी। इन्होंने साथ में प्रॉपर्टी डीलिंग करने का प्रस्ताव रखा था। इसके चलते मुकेश ने दस लाख रुपये इज्जतनगर क्षेत्र में करमपुर चौधरी स्थित जमीन खरीदने को दिए। मुकेश ने बताया कि दोनों ने जमीन अपने नाम करा ली और उन्हें दूसरी जमीन का हवाला देते रहे। बाद में कुछ जमीन उनके नाम पर खरीदी लेकिन बिकने पर कोई मुनाफा उनसे नहीं बांटा। आरोप है कि दोनों ने धोखाधड़ी कर उनसे दस लाख रुपये हड़प लिए और उनकी बाकी बची जमीन पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर धमकाने लगे। शिकायत करने पर समझौते के बहाने नौ मई को गुरमीत ने उन्हें अपने चैंबर पर बुलाकर धमकाया।