बरेली। पुलिस ने पुराना शहर के एक तस्कर को दबोच लिया। देर शाम तक एक प्रमुख राजनीतिक दल के नेता तस्कर को छुड़ाने की कोशिश में जुटे रहे, जिससे पुलिस मामले को दबाए रही। पुराना शहर के जोगीनवादा मोहल्ला निवासी एक तस्कर चरस का धंधा करता है। बुधवार सुबह पुलिस ने घेराबंदी कर तस्कर को दबोच लिया। उसे पहले बारादरी और फिर इज्जतनगर थाने ले जाकर पूछताछ की गई। वर्ष 2015 में वह नकली शराब बनाने के आरोप में जेल जा चुका है। सूत्रों के मुताबिक तस्कर पर एक प्रमुख पार्टी के नेताजी मेहरबान हैं। तस्कर के पकड़े जाने का पता लगने पर उसे छुड़ाने के लिए नेताजी ने कोशिश शुरू कर दी। एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय ने बताया कि ऐसे किसी तस्कर के पकड़े जाने की जानकारी उन्हें नहीं है।