आंवला। अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव महोबा में पेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में पहले खेत पर मारपीट हुई। फिर गांव में दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए। इस दौरान दोनों ओर से हवाई फायरिंग हुई, इसमें एक पक्ष के 3 लोग घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को सीएचसी भेजा। एक पक्ष के रामविलास ने बताया कि उसके पड़ोस में खमानी का खेत है। खेत पर पेड़ काटने को लेकर ठाकुरदास, खमनी और पातीराम की उसके बेटे आदित्य से नोकझोंक हो गई। पड़ोसियों ने उस समय दोनों पक्षों को शांत करवा दिया, लेकिन शाम को किराना की दुकान पर सामान लेने गए आदित्य के मामा ओमपाल शर्मा को इन लोगों ने घेर लिया और जमकर पीटा। जब इसकी जानकारी उनके परिजनों को हुई वह इसकी शिकायत करने गए तो तीनों ने फायरिंग की। दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट करने के आरोप में तहरीर दी गई है। थाना अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों ओर से तहरीर मिली है। जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो