भमोरा। क्षेत्र के गांव भीकमपुर में पेड़ काटने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद हुई फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भीकमपुर गांव के राम रहीश का सोमवार को गांव के ही चरन सिंह, कुल सिंह और सतेंद्र सिंह से पेड़ काटने को लेकर विवाद हो गया था। उस वक्त गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को समझा दिया। मंगलवार को फिर से झगड़ा हुआ तो मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति का शांतिभंग में चालान कर दिया। बुधवार को दोनों पक्ष फिर से भिड़ गए। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले। फायरिंग भी की गई। इसमें राम रहीश और रामबहादुर घायल हो गये। पुलिस ने चरन सिंह और सतेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।