एसएसपी ने कहा- भाषण के वीडियो का करा रहे हैं परीक्षण
बरेली। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में आईएमसी के नौमहला मस्जिद के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान अपने भाषण में हिंदुस्तान की गलियों में खून की नदियां बहने की बात कहने के मामले में घिरते नजर आ रहे हैं। एसएसपी ने उनके भाषण के वीडियो का परीक्षण कराने की बात कही है। उनका कहना है कि भाषण के विवादित और भड़काऊ होने की पुष्टि हुई तो कार्रवाई की जाएगी। सिविल लाइंस स्थित नौमहला मस्जिद गेट पर प्रदर्शन के दौरान आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने कानून के विरोध में एकजुटता के आह्वान के साथ कहा कि वह संविधान पर भरोसा रखते है। लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं, कानून हाथ में नहीं लेंगे। इसका मतलब यह नहीं कि वह बुजदिल हैं। उनकी अमन पसंदी को बुजदिली न समझा जाए। कानून वापस कराने के लिए वह हर स्तर पर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रित तरीके से विरोध करेंगे, अदालत जाएंगे, राष्ट्रपति से मांग करेंगे। फिर भी सरकार ने यह कानून वापस नहीं लिया तो हिंदुस्तान की गलियों में खून बहेगा और पहली गोली उनके सीने पर चलेगी। सभा का संचालन पार्टी प्रवक्ता डॉ. नफीस खां ने किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रभारी जुनेद रजा खां, मुनीर इदरीसी, नदीम खान, एम. इकबाल, शाहनवाज वारसी, अफजाल बेग, शुएब रजा खान, सलीम खान, फरमान रजा खान, इमरान रजा खान आदि मौजूद रहे। इसके अलावा तंजीम उलमा इस्लाम के महासचिव मौलाना शहाबुद्दीन रजवी, हाजी नाजिम बेग, मुस्लिम लीग के जिलाध्यक्ष अतीक करम इदरीसी, जमात रजा मुस्तफा के समरान रजा खान ने प्रदर्शन में पहुंच कर कानून के विरोध का समर्थन किया।