पूरनपुर (पीलीभीत)। पत्रकार वली मोहम्मद के पिता जादमपुर गहलुईया निवासी छोटे खां (60) की शनिवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि भाई जावेद गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से खुटार से अपने गांव लौट रहे थे तभी असम हाईवे पर गड़वाखेड़ा के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद छोटे खान को गंभीर हालत में पीलीभीत रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ब्यूरो