बरेली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुई राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंकों से संबंधित 948 वादों का निस्तारण कर 4.12 करोड़ रुपये से ज्यादा की वसूली की गई। शनिवार को जिला जज अजय त्यागी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम मेें विभिन्न न्यायालयों से संबंधित 5007 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें सिविल के 213 वाद, पारिवारिक मामलों के 82 वाद, फौजदारी के 3348 वादों और 412 राजस्व वादों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया गया। प्राधिकरण के सचिव प्रमोद कुमार गुप्ता ने बताया कि लोक अदालत में करीब 4.69 करोड़ रुपये की धनराशि वसूली गई।। कार्यक्रम में 14 दंपतियों को भी दोबारा साथ रहने के लिए राजी किया गया। नोडल अधिकारी हरीश त्रिपाठी ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक, बैंक व बीमा के अधिकारियों का आभार प्रकट किया।