- 100 सीटों के सापेक्ष 960 विद्यार्थियों ने किया है आवेदन
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर एलएलएम में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग की तिथि जारी कर दी गई है। इसके लिए विद्यार्थी विधि विभाग में छह सितंबर को उपस्थित हो सकते हैं। मीडिया सेल प्रभारी डॉ. अमित सिंह के अनुसार काउंसलिंग का आयोजन विधि विभाग के सेमिनार हॉल में सुबह 10 बजे से किया जाएगा।
एलएलएम, साइबर लॉ, मानवाधिकार, एलएलएम रेगुलर पाठ्यक्रम की स्ववित्त पोषित की 100 सीटों के सापेक्ष 960 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इसमें द्वितीय चरण के लिए 325 पंंजीकरण कराए गए हैं। आवेदक को ईमेल व मोबाइल फोन पर काउंसलिंग के लिए सूचित किया जा चुका है। विद्यार्थियों को शैक्षणिक अभिलेख की मूल प्रति व छाया प्रति (फोटोकॉपी), डिमांड ड्राफ्ट के साथ उपस्थित होना है।
विधि विभाग के तहत संचालित पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम की काउंसलिंग प्रक्रिया भी छह सितंबर को आयोजित की गई हैं। इसमें 40 सीटों पर 38 रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुए हैं। आवेदक शुक्रवार सुबह 10 बजे विभाग के प्रथम तल पर विधि सहायता केंद्र में सभी शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ पहुंचें। संवाद
एमएससी एनिमल साइंस में प्रवेश के लिए नौ सितंबर को होगी काउंसलिंग
- पिछले दिनों विद्यार्थियों ने गड़बड़ी का लगाया था आरोप
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से एमएससी प्रथम वर्ष (एनिमल साइंस) में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की तिथि जारी कर दी गई है। आवेदन करने वाले विद्यार्थी नौ सितंबर को सुबह 10 बजे विभाग में उपस्थित हो सकते हैं। मंगलवार को हुई काउंसलिंग में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए आवेदकों ने हंगामा किया था।
उनका आरोप था कि आवेदन के दौरान विद्यार्थियों का बीएससी अंतिम वर्ष का परिणाम नहीं आया था। ऐसे में आवेदन पत्र में परिणाम प्रतीक्षारत लिख दिया गया। बाद में परिणाम आने के बाद भी इसे अपडेट नहीं किया। काउंसलिंग में उनका नाम सबसे नीचे नजर आया। इस पर उन्होंने विभाग प्रभारी का घेराव किया। इसके बाद प्रक्रिया निरस्त करते हुए दोबारा काउंसलिंग का आश्वासन दिया गया था। संवाद