बरेली। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद परिषदीय विद्यालय मंगलवार से खोले जाएंगे। इसमें तीन दिनों तक शिक्षक विद्यार्थियों के स्वागत की तैयार करेंगे। स्कूल को फूल व गुब्बारों से सजाएंगे। 28 और 29 जून को विद्यार्थी स्कूल में ग्रीष्मकालीन शिविर का लुत्फ उठाएंगे।
स्कूल का वातावरण विद्यार्थियों के लिए आकर्षक बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर शिक्षक तैयारी कराएंगे। ऐसे में वे तीन पूर्व से ही स्कूल जाना शुरू करेंगे। यहां विद्यालय की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, गुब्बारे, रंगोली आदि कराई जाएगी। नवप्रवेशित बच्चों का विद्यालय में पहला दिन उत्सव की तरह मनाया जाएगा। 28 जून को विद्यार्थियों का स्कूल में रोली-टीका लगाकर स्वागत किया जाएगा, जिसमें डायट प्राचार्य, एडी बेसिक, बीएसए, बीईओ, एसआरजी, एआरपी भी प्रतिभाग कर सकते हैं। मध्यान्ह भोजन में हलवा या खीर बनाई जाएगी। 28 से 29 जून के मध्य विद्यालय में बच्चों के लिए ग्रीष्मकालीन शिविर लगाया जाएगा। इसमें परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। बच्चों के रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 28 जून से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान दोबारा संचालित किया जाएगा। एक जुलाई से विद्यालय अपने नियमित समय सुबह साढ़े सात से दोपहर डेढ़ बजे तक खुलेंगे। संवाद