गोला गोकर्णनाथ। जिले को ग्रीन जोन होने पर डीएम के निर्देशानुसार जिले के अंदर लोकल रूट पर 50 प्रतिशत सवारियों के साथ बुधवार को सुबह सात बजे रोडवेज की आंतरिक बस सेवा बहाल होगी। उप्र परिवहन राज्य सड़क परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एसके नागर ने बताया कि जिले की सीमाओं के अंतर्गत अपनी सिटिंग क्षमता के सापेक्ष 50 प्रतिशत यात्रियों को बैठाकर गोला डिपो की रोडवेज की 50 प्रतिशत बसें सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक चलेंगी। गोला डिपो से गौरीफंटा, पलिया, मोहम्मदी, मैगलगंज, लखीमपुर आदि स्थानों के लिए बसें चलेंगी। बसों में चालक, परिचालक मास्क और सैनिटाइजर रखेंगे। बस में यात्रा करने वाले यात्रियों को सामाजिक दूरी का अनुपालन कराया जाए। रास्ते में बैठने वाले यात्रियों को कंडेक्टर द्वारा सैनिटाइज किया जाएगा। यात्रियों को मास्क या रुमाल से मुंह ढकना अनिवार्य होगा।