फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अजमेर शरीफ प्रकरण: अब सलमान मियां के सरवर चिश्ती से मिलने पर हुआ विवाद, मौलाना कैफ ने जताया एतराज

Tue, 31 Jan 2023 11:55 AM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

मौलाना कैफ ने जारी पत्र में कहा है कि सलमान हसन को सरवर चिश्ती से मुलाकात करने की क्या जरूरत पड़ गई। उन्हें यह इजाजत किसने दी। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के कुछ देर पहले ही शनिवार देर रात गरीब नवाज के उर्स में बरेलवियों से खादिमों ने मारपीट की थी। 
विज्ञापन
अजमेर शरीफ दरगाह के खादिम से मुलाकात करते जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान खान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अजमेर शरीफ में आला हजरत का लिखा सलाम पढ़ने पर बवाल के तुरंत बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया। रविवार को काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद मियां के दामाद सलमान हसन खान ने ख्वाजा गरीब नवाज दरगाह के खादिम सैयद सरवर चिश्ती से मुलाकात की। इसका वीडियो वायरल होने पर खुद को असजद मियां का भतीजा बताने वाले दरगाह उस्तादे जमन ट्रस्ट के अध्यक्ष मौलाना कैफ रजा खान ने मुलाकात पर एतराज जताया है। 

विज्ञापन


मौलाना कैफ ने जारी पत्र में कहा है कि सलमान हसन को सरवर चिश्ती से मुलाकात करने की क्या जरूरत पड़ गई। उन्हें यह इजाजत किसने दी। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के कुछ देर पहले ही शनिवार देर रात गरीब नवाज के उर्स में बरेलवियों से खादिमों ने मारपीट की थी। उन्हें गालियां भी दीं। उन्हीं खादिमों से सलमान हसन ने मुलाकात की और बरेली शरीफ आने की दावत भी देते हैं, इसे क्या समझा जाए। पत्र में मौलाना कैफ ने यह भी कहा कि जब मौलाना तौकीर रजा इत्तेहाद के लिए काम करते हैं तो उन पर उंगलियां उठाई जाती हैं। वहीं सलमान हसन के मुद्दे पर चुप्पी क्यों साध ली जाती है।

सलमान बोले- प्रचार पाने के लिए की गई हरकत

जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां ने मुलाकात को इत्तेफाक बताते हुए मौलाना कैफ पर छवि खराब कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह किसी मौलाना कैफ को नहीं जानते। मौलाना कैफ ने किस रिश्ते से खुद को असजद मियां का भतीजा बताया है, यह भी समझ से परे है। मौलाना कैफ यह सब सिर्फ प्रचार पाने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने मौलाना को नोटिस भेजने की बात कही है। सलमान हसन ने कहा कि वह ख्वाजा साहब के कुल में शामिल होने अजमेर शरीफ दरगाह पर गए थे। वहां उनकी मुलाकात सरवर चिश्ती से हो गई, बस इतनी सी बात है। इस मुलाकात को तूल दिया जा रहा है।

विज्ञापन

आला हजरत का सलाम पढ़ने पर सरवर चिश्ती ने जताया था ऐतराज

सरवर चिश्ती गरीब नवाज दरगाह के वही खादिम हैं जिन्होंने उर्स से पहले ही अजमेर प्रशासन को पत्र लिखकर आस्ताने में आला हजरत का सलाम पढ़ने पर एतराज जताया था। वहीं, इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां भी सरवर चिश्ती से मुलाकात कर चुके हैं। इस पर भी लोगों ने एतराज जताया था। 

देर शाम सलमान हसन ने मांगी माफी  

सलमान हसन खां ने सरवर चिश्ती से मुलाकात को अपनी गलती मानते हुए देर शाम असजद मियां को पत्र लिख कर माफी मांग ली है। उन्होंने अपने पत्र में मुलाकात की वजह को तफसील से बताते हुए कहा कि वहां पर शोर शराबे की वजह से कुछ लोग एक कमरे में ले गए थे, जहां उनकी मुलाकात सरवर चिश्ती से हो गई। उन्होंने कहा कि सरवर चिश्ती से मुलाकात की इत्तेला जैसे ही कायदे मिल्लत असजद मियां को हुई उन्होंने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा है कि ‘मैं अपनी इस गलती और उस दौरान फोटो खिंचवाने व वीडियो बनवाने पर सख्त शर्मिंदा हूं, और सच्चे दिल से रब की बारगाह में तौबा करता हूं’। अल्लाह तौबा कुबूल फरमाए। 

सलमान मियां पर कार्रवाई हो : अहसन मियां 

बरेली। आला हजरत दरगाह के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा खां कादरी ने आडियो जारी कर सलमान हसन पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहाकि अगर मरकज की इज्जत को बचाना है तो सलमान मियां पर असजद मियां फौरन कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जब आसिफ मियां ने उत्तराखंड में विधानसभा का चुनाव लड़ा तो उनको फौरन तहरीक-ए-तहफ्फुज सुन्नियत (टीटीएस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उर्स प्रभारी के पद से हटा दिया गया था। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें