दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर कुल्छा खुर्द के पास शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई। सड़क पर खराब खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर जा घुसा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र के उदरपुर गांव निवासी फैसल के रूप में हुई। बताया गया कि फैसल दिल्ली से शाहजहांपुर किराना का सामान लेकर कंटेनर से जा रहा था। कुल्छा खुर्द के पास हाईवे पर एक ट्रक सुबह से खराब खड़ा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक का इंजन फट गया था। इसी दौरान पीछे से आया कंटेनर ट्रक में जा घुसा। हादसे की सूचना मिलते ही मिलक इंस्पेक्टर पुष्कर सिंह, मीरगंज पुलिस और 112 पीआरवी मौके पर पहुंच गई। कंटेनर में फंसे चालक को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बैरिकेडिंग न होने पर उठे सवाल
हाईवे पर खराब ट्रक कई घंटे से खड़ा होने के बावजूद उसके आसपास बैरिकेडिंग या पर्याप्त चेतावनी संकेत नहीं लगाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हादसे के बाद एनएचएआई की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। लोगों का कहना है कि यदि खराब वाहन के आसपास समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो हादसा टल सकता था।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि कुल्छा खुर्द के पास खराब खड़े ट्रक में पीछे से कंटेनर टकराया है। हादसे में कंटेनर चालक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।