बरेली। बहेड़ी थाने में शिकायत पर कार्रवाई न करने और महिला से गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने के आरोप में एसएसपी अनुराग आर्य ने सिपाही अंकुश खन्ना को निलंबित कर दिया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है। 23 अक्तूबर को बहेड़ी थाने में एक महिला ने शिकायत की थी। उसकी शिकायत को जनसुनवाई रजिस्टर में भी दर्ज किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर महिला 28 अक्तूबर को एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और कार्रवाई न होने की शिकायत की। एसएसपी अनुराग आर्य ने जांच कराई तो सिपाही अंकुश खन्ना की लापरवाही सामने आई। प्रथम दृष्टया लापरवाही, अनुशासनहीनता और कदाचार मानते हुए एसएसपी ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।