बरेली। ठगी व धोखाधड़ी के शिकार निवेशक आईसीएल कंपनी के सीएमडी आरके गोला, उसके भाई एके गोला और साथियों के खिलाफ लगातार तहरीर दे रहे हैं। प्रेमनगर थाने में करीब डेढ़ दर्जन शिकायतें आ चुकी हैं। ज्यादातर लोग अपनी रकम दिलाने की मांग ही कर रहे हैं। पुलिस साक्ष्य संकलन में जुटी है।
मंगलवार तक गोला बंधुओं और कंपनी के खिलाफ प्रेमनगर थाने में डेढ़ दर्जन शिकायतें पहुंची थीं। अधिकांश शिकायतों में गोला बंधुओं पर रुपये हड़पने के आरोप लगाए गए हैं। कई लोगों ने रुपये जमा कराने से संबंधित दस्तावेज भी शिकायतों के साथ लगाए हैं।
पुलिस इन शिकायतों की जांच कर रही है। अधिकांश शिकायतों पर रिपोर्ट दर्ज होने लायक तथ्य नहीं हैं। ऐसे में उन शिकायतों को छांटा जा रहा है जिनमें गंभीर आरोप और उनके संबंध में साक्ष्य भी मौजूद हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही कुछ और केस दर्ज हो सकते हैं। प्रेमनगर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने स्वीकार किया कि कुछ ही शिकायतें दमदार हैं, जिन्हें छांट रहे हैं। आरके गोला अपने साथी जितेंद्र के साथ जेल जा चुका है। हालांकि एके गोला फरार हो गया है। दोनों भाइयों के खिलाफ दूसरे जिलों में भी मुकदमे हैं।
निवेशकों के डर से फरार हुए आईसीएल कंपनी के एजेंट्स ने भी गोला बंधुओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कुछ एजेंट्स ने मिलकर सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाया है। इसका नाम महाठग का मायाजाल दिया है और उस पर लिखा है आईसीएल फ्राड बाय गोला ब्रदर्स। ग्रुप के जरिये ठगी के शिकार लोगों को एक साथ जोड़ा जा रहा है। निवेशकों के फोन नंबर मांगे जा रहे हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि पुलिस से बचकर रहने वाले गोला के भाई और कंपनी के लोगों को निवेशकों के गुस्से का शिकार होना पड़ सकता है।