बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के मीडिया सेल में मंगलवार को जी-20 की नोडल अधिकारी सहायक कुलसचिव सुनीता यादव ने प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। बताया कि विश्वविद्यालय की चहारदीवारी पर जी-20 थीम पर आधारित वाल पेंटिंग होगी। इस पर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के छात्र पेंटिंग कर सकते हैं। सभी पेंटिंग पर विद्यार्थियों को अपना व कॉलेज का नाम अंकित करना होगा। तीन सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग को सम्मानित किया जाएगा। कई अन्य सांस्कृतिक, शैक्षिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। लोगों से भी सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। अन्य कार्यक्रम आयोजित कराने पर मंथन चल रहा है।