बरेली। कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे ने स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा की। जिला अस्पताल के सामने बन रहे फुट ओवरब्रिज के निर्माण में प्रयोग की जा रही सामग्री को लेकर असंतोष जताया गया। नगर निगम की लिफ्ट को लेकर भी नाराजगी जताई।
आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर ने कहा कि शासन की ओर से सौ दिन और एक वर्ष के जो कार्य निर्धारित हैं, वे समय सीमा के अंदर पूरे होने चाहिए। संजय गांधी कम्युनिटी हाल में बन रहे तालाब का कार्य 15 सितंबर तक पूरा किया जाए। स्मार्ट वेंडिंग जोन के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। निगम की ओर से तैयार की जा रही लाइब्रेरी के संबंध में कहा कि इसे ऐसा बनाया जाए जो दूर से दिखाई दे। इस मौके पर नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, अपर नगर आयुक्त सुनील यादव, मुख्य अभियंता नगर निगम भूपेश कुमार सिंह, नोडल अधिकारी सुशील सक्सेना आदि मौजूद रहे।