बरेली। भट्ठा मालिक से दो लाख रुपये मांगने के आरोप में घिरी सीओ मीरगंज डाॅ. दीपशिखा का कहना है कि उनके पास हर बात का सुबूत है। उन्होंने मौके पर एसडीएम को कॉल की थी। भट्ठा मालिक तो मौके पर आया तक नहीं। वहीं एसडीएम ने मामले में चुप्पी साध ली है। उन्होंने इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोला। इसके साथ ही भट्ठा मालिक रिफाकत के बयान भी शनिवार को नहीं हो सके।
सीओ दीपशिखा का कहना है कि भट्ठा मालिक के पिता पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत हुए हैं। साजिशन शिकायत की गई है। वह तो भट्ठे पर गईं ही नहीं। भट्ठा स्वामी भी थाने में नहीं आया। सीसीटीवी से तस्दीक किया जा सकता है। रही बात एसडीएम की तो उन्हें कॉल की थी। 12 जून को 11:56 बजे एसडीएम को कॉल की थी। कार्रवाई करने से पहले ही कॉल की थी। खुद एसडीएम ने उनसे पहले कहा था कि अवैध खनन को लेकर रिपोर्ट देनी है। इसी के बाद वह अवैध खनन को पकड़ने के लिए क्षेत्र में गईं। वहीं इस मामले में एसडीएम ने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। उनका कहना है कि इस मामले से उनका कोई लेना देना नहीं। न वह कुछ कहना चाहते हैं।
इधर ईंट भट्ठा मालिक रिफाकत एसपी देहात के यहां शनिवार को बयान देने पहुंचा था, लेकिन वह समाधान दिवस में गए हुए थे। इसलिए उसके बयान नहीं हो सके। अब मंगलवार को बयान होंगे। ईंट भट्ठा स्वामी की मानें तो वह शिकायत करने डीएम के यहां गया, लेकिन उसकी शिकायत नहीं ली गई। इसके बाद खनन विभाग में गया तो कहा गया कि उसके मामले में जांच चल रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई हो पाएगी। संवाद
मुझे साजिशन फंसाया जा रहा है। भट्ठा मालिक तो मेरे पास आया तक नहीं और न मैं उसे जानती हूं। रही बात एसडीएम को फोन करने की तो 11:56 बजे उन्हें फोन किया था।- दीपशिखा, सीओ मीरगंज
सीओ ने कार्रवाई की है, मेरा इससे कोई मतलब नहीं। - देश दीपक सिंह, एसडीएम