फरीदपुर। निलंबित इंस्पेक्टर रामसेवक के रिश्वतकांड की जांच करने थाने पहुंचे सीओ हाईवे नितिन कुमार ने सीसीटीवी कैमरे से साक्ष्य जुटाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। फरार इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस व फरीदपुर थाना पुलिस समेत तीन टीमें प्रयागराज व लखनऊ तक दौड़ रही हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि राहत पाने के लिए रामसेवक हाईकोर्ट गया होगा।
फरीदपुर पुलिस ने छह दिन पहले नवदिया अशोक गांव निवासी स्मैक तस्कर आलम, नियाज अहमद व अशनूर को गिरफ्तार किया था। तत्कालीन इंस्पेक्टर रामसेवक ने तस्करों को छोड़ने के लिए 15 लाख रुपये की मांग की। सात लाख रुपये लेकर आलम व नियाज अहमद को छोड़ दिया था। चर्चा है कि हिरासत में लिए आरोपियों के पास से पुलिस ने स्मैक भी बरामद की थी, जिसका पता नहीं लगा। मामले में एसपी दक्षिणी मानुष पारीक ने इंस्पेक्टर के आवास पर छापा मारा तो 9.85 लाख रुपये बरामद किए गए। सीओ ने फरार इंस्पेक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
कितने तस्करों को छोड़ा, इसकी भी जांच
रामसेवक ने अपने तैनाती के समय कितने तस्करों को पकड़ा और उनमें से कितनों को छोड़ा है, इसका भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। सीओ हाईवे नितिन कुमार जीडी व सुपुर्दगी रजिस्टर से अब तक छोड़े गए स्मैक तस्करों की जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।
पिस्टल और कारतूस लापता होने की तलब की रिपोर्ट
रामसेवक अपनी लोकेशन छुपाने के लिए दोनों मोबाइल तो मौके पर छोड़ गया है पर सरकारी पिस्टल और कारतूस साथ ले गया है। सरकारी संपत्ति गायब करने में उस पर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी है। इसको लेकर एसएसपी अनुराग आर्य ने सीओ हाईवे से रिपोर्ट तलब की है। इस रिपोर्ट के बाद रामसेवक के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया जा सकता है।