फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कल आ सकते हैं सीएम... दुरुस्त होने लगीं सड़कें

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सोमवार को बरेली आने का कार्यक्रम पक्का होते ही अफसर सड़कों पर उतर गए। सुबह से रात तक ऊबड़खाबड़ सड़कों और अतिक्रमण जैसी उन समस्याओं को दुरुस्त किया जाता रहा जो पब्लिक के लिए रोजमर्रा का सिरदर्द बनी रहती हैं। मुख्यमंत्री त्रिशूल एयरपोर्ट पर कई परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। एमबी कॉलेज में चल रहे लक्ष्मी महायज्ञ में भी जा सकते हैं।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री के बरेली आने का सरकारी कार्यक्रम शनिवार को देर रात तक जारी नहीं हुआ लेकिन जिला प्रशासन की ओर से त्रिशूल एयरपोर्ट पर उनके कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति मांगी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश गुप्ता ने त्रिशूल के मुख्य सुरक्षा अधिकारी को जारी पत्र में उल्लेख किया है कि मुख्यमंत्री का राजकीय वायुयान से 31 अक्तूबर को त्रिशूल एयरपोर्ट पर आना और एयरपोर्ट पर ही विश्राम, लंच और बैठक करना प्रस्तावित है। इसके लिए अनुमति मांगी गई है। बताया जा रहा है कि सीएम दोपहर एक बजे त्रिशूल पहुंचेंगे। अनुमति मिली तो यहीं कार्यक्रम होगा अन्यथा वह कलक्ट्रेट में भी अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं।
अफसर अनाधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री का एमबी इंटर कॉलेज में होने जा रहे धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेना संभावित बता रहे हैं। अगर ऐसा हुआ तो एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से कॉलेज तक पहुंचेंगे। कलक्ट्रेट पर बैठक होने की स्थिति में भी उन्हें सड़क से ही जाना होगा। यही वजह है कि नगर निगम के अफसरों समेत पूरा अमला शनिवार को सुबह ही सड़कों पर उतर पड़ा। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स और मुख्य अभियंता भूपेश कुमार सिंह ने एमबी कॉलेज रोड का निरीक्षण किया। इसके बाद पूरे दिन सफाई भी की गई। रविवार को इस रास्ते को दुरुस्त कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे के कारण रविवार को नगर निगम में अवकाश भी रद्द कर दिया गया है।
विज्ञापन

इसके अलावा शनिवार को दिन भर सेटेलाइट चौराहे से श्यामगंज तक सड़क का निर्माण भी चला। यह काम स्मार्ट सिटी के तहत किया जा रहा है। इस सड़क का निर्माण पहले से प्रस्तावित था लेकिन इसकी शुरुआत तब हुई जब सीएम के इसके लोकार्पण की नौबत आई। दिनभर इस रोड पर सफाई भी की जाती रही।
इज्जतनगर रोड साल भर में ही उखड़ गया, अब देखने पहुंचे अफसर
एमबी इंटर कॉलेज के पास कुदेशिया पुल उतरता है। मुख्यमंत्री के इसी रास्ते से एमबी कॉलेज जाने की संभावना है। इस सड़क का निर्माण करीब साल भर पहले हुआ था जिसके कुछ समय बाद ही एक जगह सड़क बैठ गई थी। कई जगह गड्ढे भी हो चुके हैं। इज्जतनगर स्टेशन के सामने भी गड्ढे हैं। अब तक अफसर इस सड़क से बेपरवाह थे लेकिन मुख्यमंत्री के आने की सूचना मिलते ही सड़क का जायजा लेने पहुंच गए।
भाजपा पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक
सीएम इस सरकारी कार्यक्रम के बीच समय निकालकर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भी मुलाकात और बैठक करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस दौरान वह नगर निगम चुनाव की तैयारियों के साथ कई और मुद्दों पर बातचीत कर सकते हैं। भाजपाई भी इस बैठक की तैयारी में जुटे हैं। महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने बताया कि सीएम के आगमन पर उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है।
स्मार्ट सिटी की इन परियोजनाओं
का लोकार्पण कर सकते हैं सीएम
परियोजना लागत
मल्टीलेवल कार पार्किंग 15.62 करोड़
भूलभुलैया 3.22
घंटाघर सुंदरीकरण 87 लाख
बदायूं रोड नाला 8.60 करोड़
श्यामगंज मार्ग 3.38 करोड़
संजय कम्युनिटी तालाब 8.55 करोड़
गांधी उद्यान सुंदरीकरण 1.3 करोड़
कायाकल्प अक्षर विहार 3.98 करोड़
आंतरिक मार्ग 17.11 करोड़
आधुनिक शौचालय 5.97 करोड़
पार्क सुंदरीकरण 4.99 करोड़
फसाड लाइटिंग 1.7 करोड़
लेजर फाउंटेन 7.94 करोड़
ट्यूबवेल ऑटोमिशन 17 करोड़
मुख्यमंत्री के दौरे की सूचना पर एयरपोर्ट से एमबी इंटर कॉलेज तक मार्ग का निरीक्षण किया है। सफाई भी कराई गई है। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट के लोकार्पण के लिए भी लिस्ट बना रहे हैं। - निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें