नवाबगंज। तहसील चौराहे पर कपड़ों की दुकान में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से कई लाख रुपये के कपड़े जलकर राख हो गए।
व्यापारी गौरव सव्वरवाल ने बताया कि लाहौरी लाल कमल किशोर के नाम से तहसील चौराहे पर उनकी कपड़ों की दुकान है। यहां कई लाख रुपये की साड़ियां, लहंगे व अन्य कपड़े रखे हुए थे। बुधवार सुबह दुकान में आग लग गई। लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने उन्हें सूचना दी। तुरंत ही वह मौके पर पहुंचे।
फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस भी पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक अंदर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें उठ रहीं थीं। गनीमत रही कि आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं पहुंची। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। गौरव ने बताया कि आग से कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।