बरेली। शहर के कपड़ा व्यापारी से हल्द्वानी के व्यापारी ने लाखों रुपये का कपड़ा मंगा लिया और भुगतान से मना कर दिया। व्यापारी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अंकुर गुप्ता मैसर्स गौरी आर्ट पैलेस नाम की फर्म के निदेशक हैं। दर्जी चौक स्थित फर्म के जरिये अंकुर रेडिमेड कपड़े का व्यापार करते हैं। अंकुर के परिचित जहीन अख्तर ने बताया कि हल्द्वानी के सरनजीत उनके साथ व्यापार करना चाहते हैं। जहीन ने अंकुर को हल्द्वानी ले जाकर सरनजीत से मिलवा दिया। सरनजीत ने बातों में अंकुर को उलझा लिया। अंकुर ने सरनजीत को अपनी फर्म शाही अचकन का हल्द्वानी डीलर बना दिया।
1,12,187 रुपये बकाया होने पर अंकुर ने भुगतान मांना और माल भेजने से इन्कार कर दिया। इसके बाद सरनजीत ने कुछ रुपये दिए और माल मंगाता रहा। सरनजीत पर 17,69,000 रुपये बकाया हो गए तो अंकुर ने तकादा किया। सरनजीत ने टालमटोल कर बाद में रुपये देने की बात कही। सरनजीत ने अंकुर से 25 लाख रुपये का माल मंगा लिया और भुगतान नहीं किया। सरनजीत ने फोन बंद कर लिया। कई बार फोन करने पर सरनजीत ने बात की और रुपये देने से मना कर दिया। अंकुर ने बैठकर बात करने को कहा तो सरनजीत ने जान से मारने की धमकी दी। अंकुर की शिकायत पर कोतवाली में हल्द्वानी निवासी सरनजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।