बहेड़ी में निराश होकर लौट रहे किसान
बहेड़ी की सहकारी समितियों पर चार दिन पहले खाद आई थी जो बंट चुकी है। डीएपी के लिए रोज किसान पहुंच रहे हैं और निराश लौट रहे हैं। समिति के प्रभारी ने बताया कि दो दिन में डीएपी व एनपीके की रैक लगने वाली है। इसके बाद कोई दिक्कत नहीं रहेगी।
आंवला क्षेत्र में बहुउद्देशीय सहकारी समिति पूर्वी और पश्चिमी में चार दिन से खाद नहीं है। नवाबगंज के किसान समृद्धि केंद्र पर चार नवंबर से डीएपी और एनपीके नहीं हैं। नैनो यूरिया और नैनो डीएपी हैं पर जागरूकता की कमी की वजह से किसान उसे नहीं ले रहे हैं।
400 पैकेट के लिए उमड़ पड़ी भीड़
साधन सहकारी समिति रिठौरा मोहनपुर में 400 पैकेट खाद पहुंची। पहले से इंतजार कर रहे किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी तो कर्मचारी ने कतार लगवाई। इफको के केंद्र पर खाद नहीं थी। वहां से किसान लौटते रहे। फतेहगंज पूर्वी की किसी समिति में खाद नहीं है। बिलपुर समिति के सचिव ज्ञानेश पाल सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह रैक लगी थी। तब खाद मिली थी। अब अगले सप्ताह खाद मिलेगी।
शेखापुर के किसान लालाराम ने बताया कि एक महीने से खाद का संकट झेल रहे हैं पर अफसर दावा करते हुए थक नहीं रहे। किसान इंतजार कर रहे हैं। राम शर्मा ने कहा कि खाद न मिलने से गेहूं की बोआई में देरी हो रही है। समिति जाने पर बताया जाता है कि खाद आएगी तो मिलेगी।
जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि खाद की कोई कमी नहीं है। यदि किसी समिति में खाद नहीं है तो जानकारी कर वहां भिजवाई जाएगी।