बरेली। लाल फाटक ओवरब्रिज निर्माण के लिए रेल क्रॉसिंग को डेढ़ साल के लिए बंद करने के रेलवे के फैसले से व्यापारी आंदोलित हैं। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की कंधरपुर इकाई ने विरोध में बाजार बंद रखा। जुलूस निकाला और मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद को ज्ञापन दिया। व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता और राजेश जसोरिया के नेतृत्व में व्यापारी जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे। कलक्ट्रेट गेट पर सभा की, व्यापारी यहां क्रॉसिंग बंद करने के विरोध में ज्ञापन देने आए थे। जब किसी अधिकारी ने ज्ञापन लेने में रुचि नहीं दिखाई तो गुस्साए व्यापारी नारेबाजी करते हुए मंडलायुक्त कार्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने मंडलायुक्त को ज्ञापन दिया। मंडलायुक्त ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने वालों में दुर्गेश कुमार, दर्शन लाल भाटिया, अंकुश गुप्ता, विजय गुप्ता, कैलाश मित्तल, मनोहर सिंह आदि रहे।