पशु आहार फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से लगी आग
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। शार्ट सर्किट के कारण रविवार सुबह तड़के एक पशु आहार फैक्ट्री में आग लग गई। दमकल की तीन गाड़ियां कई घंटों बाद आग पर काबू पा सकीं।
बारादरी क्षेत्र के हजियापुर में जीबीडी इंटरप्राइजेज के नाम पर एक तेल, केक और पशु आहार की फैक्ट्री है। रविवार सुबह करीब पांच बचे अचानक फैक्ट्री में आग की लपटें और धुआं निकलने से इलाके में अफरातफरी मच गई। मोहल्ले वालों की सूचना पर यूपी 100 पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब पांच घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाते वक्त फैक्ट्री के अंदर जाते समय एक मशीन में लगी आग से एक दमकल कर्मचारी भी झुलस गया। फैक्ट्री मालिक मयंक मित्तल के मुताबिक हादसे में लाखों रुपये के माल समेत कई मशीनों का भी नुकसान हो गया। मशीनें पूरी तरह जलकर खाक हो गई।