प्रतिदिन के हिसाब से 30 प्रतिशत कम मिल रहे यात्री
बरेली। ठंड इन दिनों चरम पर है, जिसका असर रोेडवेज की सवारियों पर नजर आ रहा है। इन दिनों सवारियां कम होने से रोडवेज की आय में भारी गिरावट आई है।
रोडवेज का पुराना स्टेशन हो या सेटेलाइट स्टेशन दोनों पर ही सवारियों की भीड़ कम दिखाई दे रही है। रोडवेज पर आम दिनों में औसतन 70 से 80 प्रतिशत सवारियों से 24 से 25 लाख रुपये प्रतिदिन की आय होती है, जो इन दिनों लगभग 30 प्रतिशत सवारियां कम निकलने से घटकर 17 से 18 लाख रुपये रह गई है। आंकड़ों के मुताबिक सात लाख रुपये प्रतिदिन का घाटा इन दिनों रोडवेज प्रशासन को उठाना पड़ रहा है। यह स्थिति बरेली और रुहेलखंड डिपो दोनों डिपो की ही है। आय घटने के पीछे मुख्य कारण भीषण सर्दी के अलावा जगह-जगह सीएए को लेकर हो रहे प्रदर्शन बताए जा रहे हैं। एआरएम कार्मिक एवं बरेली डिपो चीनी प्रसाद ने बताया कि सात लाख रुपये तक हर रोज की आय घटी चल रही है। यह स्थिति पिछले लगभग एक सप्ताह से बनी है। कई रूट पर तो बहुत ही खराब स्थिति है।