बरेली। पुलिस भर्ती परीक्षा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनजर निर्बाध बिजली आपूर्ति का आदेश है। इसके बाद भी शहर के लोगों को बिजली कटौती और ट्रिपिंग का सामना करना पड़ रहा है। किला उपकेंद्र के मलूकपुर में बिजली केबल जलने और कुंवरपुर में खंभे में करंट आने से आपूर्ति ठप रही।
किला उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में समस्या खत्म नहीं हो रही है। किला के अलावा, मढ़ीनाथ और सुभाषनगर उपकेंद्र के इलाके भी कटौती के साथ ट्रिपिंग से प्रभावित हो रहे हैं। रविवार सुबह मलूकपुर पुरानी पुलिस चौकी के पास बंच केबल जलकर टूट गया। इससे इलाके में एक घंटे आपूर्ति ठप रही। मलूकपुर में ही शिवशंकर के घर के पास केबल में आग लग गई। जीजीआईसी रोड और बमनपुरी में भी बिजली लाइन टूटने से आपूर्ति ठप रही। किला के ही रावण वाली गली के अलावा सिटी फीडर के इलाकों में भी रविवार को तीन घंटे तक कटौती की गई।
सिविल लाइंस तृतीय और शाहदाना उपकेंद्र के इलाकों में भी लोकल फॉल्ट की समस्या रही। हरुनगला उपकेंद्र के टीपी नगर फीडर से जुड़े इलाकों में रात भर ट्रिपिंग होती रही। इस फीडर पर तीन दिन से समस्या है। सुभाषनगर उपकेंद्र के बीडीए कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, बालाजी नगर, गंगानगर में भी कटौती के साथ ट्रिपिंग होती रही।
सर्किट हाउस के पास 33 केवी लाइन में फॉल्ट, आपूर्ति ठप
बरेली। सिविल लाइंस में सर्किट हाउस के पास 33 केवी लाइन में फॉल्ट होने से कई इलाकों की आपूर्ति ठप हो गई। दो घंटे के बाद आपूर्ति सुचारु की जा सकी। फॉल्ट के कारण सर्किट हाउस फीडर पर शाम चार से पांच बजे तक शटडाउन लिया गया। इससे आवास विकास फीडर पर भी आपूर्ति ठप रही। रात आठ बजे के बाद आपूर्ति सुचारु हुई, लेकिन सिविल लाइंस समेत आसपास के इलाकों में ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। संवाद